रायपुर के दलदल सिवनी गांव में करीब 89 साल से चली आ रही रामलीला में अब तीसरी पीढ़ी मंच पर उतर रही है. यहां दादा और पिता के बाद बेटे राम और लक्ष्मण जैसे प्रमुख पात्रों की भूमिका निभा रहे हैं. मंडली में करीब 5 साल के बच्चों से लेकर 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों तक की भागीदारी है.

इस आयोजन में अभिनय के साथ परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर रहता है. बुजुर्ग कलाकार बच्चों को संवाद बोलने, मेकअप, वेशभूषा और मंच पर अभिनय की बारीकियां सिखाते हैं. नई पीढ़ी पढ़ाई और अन्य जिम्मेदारियों के बीच रामलीला के लिए समय निकालती है. गांव के लोग भी आयोजन में मिलकर सहयोग करते हैं.

पिता से बेटे तक पहुंचा राम का किरदार

लीलाधर साहू के मुताबिक, उनके परिवार के बुजुर्गों ने उस समय रामलीला शुरू की थी, जब गांव में बिजली तक नहीं थी. पहले उनके चाचा राम का किरदार निभाते थे, इसके बाद उन्होंने यह भूमिका निभाई और अब उनके बेटे दीपक साहू राम बन रहे हैं. लीलाधर बेटे को संवाद, मेकअप और वेशभूषा से जुड़ी बातें सिखाते हैं. उनका कहना है कि इस भूमिका के लिए परंपरा के साथ योग्यता, फिटनेस और धार्मिक भावना भी जरूरी है.

दीपक साहू पिछले 10-12 साल से मंडली से जुड़े हैं और करीब तीन साल से राम की भूमिका निभा रहे हैं. वे फिलहाल NET की तैयारी कर रहे हैं. उनके अनुसार राम का किरदार निभाने के लिए चयन प्रक्रिया लंबी होती है और पढ़ाई के साथ यह भूमिका निभाना उनके लिए सौभाग्य की बात है.

28 साल लक्ष्मण बने पिता, अब बेटा निभा रहा भूमिका

हर्ष पटेल पिछले तीन साल से लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं. 12वीं के बाद वे ITI कर रहे हैं. उनके पिता विजय पटेल ने लगातार 28 साल तक लक्ष्मण की भूमिका निभाई. विजय का कहना है कि बेटे को वही किरदार निभाते देखकर उन्हें खुशी होती है. वे चाहते हैं कि गांव के युवा रामलीला से जुड़े रहें, ताकि यह परंपरा आगे भी जारी रहे.

71 वर्षीय मुकुंद राम पिछले 35 साल से रावण की भूमिका निभा रहे हैं. इससे पहले वे सीता, राजा दशरथ, परशुराम और बाली जैसे पात्र भी निभा चुके हैं. वहीं, 70 वर्षीय आसाराम पटेल 10-12 साल की उम्र से रामलीला से जुड़े हैं और अब जोकर का किरदार निभाते हैं. छन्नू लाल साहू वर्ष 1977 से मंडली में हैं और अलग-अलग भूमिकाएं कर चुके हैं. मंडली के सदस्यों के अनुसार, बच्चों और बुजुर्गों का यह साथ ही रामलीला की परंपरा को जीवित रखे हुए है.