रायपुर के डुमरतराई स्थित साहूपारा में एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, माना थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर चाकू से हमला किया. घटना के बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया है. उसकी हालत गंभीर बताई गई है और इलाज जारी है. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है तथा तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा है.

पुलिस के मुताबिक, बालोद निवासी भुनेश्वर साहू परिवार के साथ साहूपारा में किराए के मकान में रह रहा था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात विवाद के बाद उसने पत्नी खिलेश्वरी साहू पर हमला किया. इसके बाद 10 वर्षीय आशीष साहू और 8 वर्षीय ज्ञान साहू पर भी चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, तीनों की मौके पर मौत हो गई.

जांच एजेंसियां पड़ोसियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही हैं. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई. कथित चरित्र शंका की बात सामने आई है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.