रायपुर के VIP रोड स्थित EDO क्लब में देर रात DJ प्रतियोगिता के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिससे क्लब परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है.

घटना की सूचना मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि इवेंट के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्लब में आयोजित पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए थे. इनमें कई लोगों के नाबालिग होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई अंतिम पुष्टि उपलब्ध नहीं है.

बताया गया है कि पार्टी का आयोजन भिलाई निवासी सत्यम शर्मा और रायपुर निवासी लक्की बजाज ने कराया था. पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी. फिलहाल मामले में मारपीट की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है.