रायपुर में गणेशोत्सव के दौरान निकाली गई झांकियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को सम्मानित किया गया. अखिल भारतीय संत समिति के तत्वावधान में गुढ़ियारी स्थित मां भारती विद्यालय में गणेश झांकी प्रतियोगिता-सम्मान समारोह आयोजित हुआ. संतों की मौजूदगी में कलाकारों और समितियों का उत्साह बढ़ाया गया.

प्रतियोगिता में श्री मनोकामना गणेशोत्सव समिति की भगवान जगन्नाथ पर आधारित झांकी ने पहला स्थान हासिल किया. समिति को शील्ड और 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया. मॉडल क्लब कांतारा की झांकी दूसरे स्थान पर रही, जिसे 31 हजार रुपये की सम्मान राशि मिली.

तीसरे स्थान पर दो समितियां रहीं. श्री विनायक गणेश उत्सव समिति की होली रास लीला झांकी और श्री आराध्या सुनीति मंडल की कल्कि अवतार झांकी को 21-21 हजार रुपये और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया. बेहतर प्रदर्शन करने वाली अन्य गणेश उत्सव समितियों को भी 3,100 रुपये और प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए.

इन आधारों पर हुआ मूल्यांकन

झांकियों का मूल्यांकन सजावट, विषय-वस्तु, धुमाल प्रस्तुति, समिति सदस्यों के उत्साह और अनुशासन के आधार पर किया गया. संजय अग्रवाल और अखिलेन्द्र प्रताप सिंह निर्णायक रहे.

समारोह में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष और दक्षिण कौशल के पीठाधीश्वर महंत राजीव लोचन दास, शक्तिधाम के पीठाधीश्वर संत दिवाकर दास महाराज और भाजपा नेता-समाजसेवी बसंत अग्रवाल मौजूद रहे. बसंत अग्रवाल ने कहा कि रायपुर की गणेश झांकियां आस्था, सनातन संस्कृति और युवाओं की मेहनत का प्रतीक हैं. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की.

भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिया सिंह ने भी सेवा संकल्प और नशामुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया. कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में झांकी कलाकार शामिल हुए.