रायपुर के समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में पितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर 10 अक्टूबर को सामूहिक श्राद्ध और तर्पण का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा. आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है.

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करना है. गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्याम बैस और ट्रस्टी सदाशिव हथमल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में श्राद्ध और तर्पण को पूर्वजों के प्रति सम्मान और आभार प्रकट करने का माध्यम माना जाता है.

गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी प्रज्ञा प्रकाश निगम के अनुसार, आयोजन में जलांजलि की प्रक्रिया सरल रखी गई है. उन्होंने बताया कि जल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और आसानी से उपलब्ध होने के कारण भारतीय परंपराओं में सूर्य को अर्घ्य, तुलसी को जल और पितरों को जल अर्पित करने की परंपरा रही है.

गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टियों ने आयोजन में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं से पहले पंजीयन कराने की अपील की है. पंजीयन के लिए समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में संपर्क किया जा सकता है. आयोजन समिति पंजीयन की संख्या के आधार पर तर्पण के लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था करेगी.