रायपुर के सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर में गोवर्धन पूजा से एक दिन पहले कानजगाई की पारंपरिक रस्म निभाई गई. इस दौरान मंदिर के मुखियाजी ने गोमाता के कान में मंत्र बोलकर उन्हें अगले दिन होने वाली गोवर्धन पूजा में शामिल होने का निमंत्रण दिया. इसके बाद गोवंश के साथ गोमाता को पूजा में शामिल किया गया.
मंदिर के ट्रस्टी राजकिशोर नत्थानी के अनुसार, कानजगाई की रस्म 15 नवंबर की शाम को हुई. उन्होंने बताया कि यह गोपाल मंदिर की पुरानी परंपरा है, जिसे गोवर्धन पूजा से पहले निभाया जाता है.
गोपाल मंदिर में 16 नवंबर को आयोजन
मंदिर में 16 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से गोवर्धन पूजा शुरू होगी. दोपहर 3 बजे से अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाएगा. श्रद्धालु शाम 5:30 बजे तक मंदिर में अन्नकूट के दर्शन कर सकेंगे. इसके बाद शाम 7:30 बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा.
गिरिराज मंदिर में 18 नवंबर को अन्नकूट
बूढ़ापारा स्थित गिरिराज मंदिर में 18 नवंबर को अक्षय नवमी के अवसर पर अन्नकूट उत्सव मनाया जाएगा. मंदिर के मुखिया अभिषेक त्रिवेदी के अनुसार, सुबह गोवर्धन पूजा होगी और दोपहर 3 बजे ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा. इस मंदिर में भी आयोजन से एक दिन पहले कानजगाई की रस्म निभाई जाएगी.
