रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में दिवाली की रात एक घर के पूजा घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के गहने और 47 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2.97 लाख रुपये बताई गई है.

घटना नया मंगल बाजार इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी पूजा के लिए घर के पूजा घर में आभूषण और नकदी रखी गई थी. पूजा घर का दरवाजा खुला था. इसी दौरान दोनों युवक कथित तौर पर घर में दाखिल हुए और वहां रखे सामान को लेकर फरार हो गए. रात में घर के पुरुष सदस्य की नींद खुली तो उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से जाते हुए देखा. इसके बाद महिला ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई.

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 522/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. गुढ़ियारी थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने आसपास के संदिग्धों की तलाश की. शिकायतकर्ता के पति द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पूछताछ और पतासाजी के बाद पुलिस दोनों संदिग्धों तक पहुंची. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में चोरी की घटना का खुलासा हुआ और चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन राजपूत (24), निवासी कुंदरापारा, और आर्यन चौहान (19), निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, नयन के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े चार मामले, जबकि आर्यन के खिलाफ लूट और आईटी एक्ट से जुड़े दो मामले पहले से दर्ज हैं.

कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में की गई. पुलिस ने त्योहारों के दौरान लोगों से कीमती सामान और नकदी सुरक्षित रखने की अपील की है.