रायपुर में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को नगर कीर्तन निकाला गया. गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, स्टेशन रोड से शुरू हुआ यह नगर कीर्तन पंज प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा.

नगर कीर्तन फाफाडीह चौक, शास्त्री चौक और गौरवपथ होते हुए तेलीबांधा गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुआ. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. पूरे मार्ग में लोगों ने पंज प्यारों का स्वागत किया और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका.

नगर कीर्तन के दौरान रागी सिंहों ने गुरबाणी और गुरु जस का गायन किया. गतका टीम ने भी शौर्य प्रदर्शन किया, जिसे श्रद्धालुओं ने देखा. आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सेवा गतिविधियां भी चलती रहीं.

ग्रैंड मेरेडियन कॉम्प्लेक्स के सामने ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन और छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने परिवार के साथ नगर कीर्तन का स्वागत किया. होरा परिवार ने पंज प्यारों पर पुष्पवर्षा की और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.

श्रद्धालुओं के लिए चने, पकौड़े, चाय और सेव-बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया. होरा परिवार के साथ ग्रैंड ग्रुप के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सेवा कार्य में भाग लिया.

कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, दिलेर सिंह होरा, कुलदीप कौर होरा, तरणजीत सिंह होरा, नैना होरा समेत परिवार और समुदाय के अन्य लोग उपस्थित रहे.