रायपुर में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर नगर-कीर्तन निकाला गया. स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू हुई यात्रा जेल रोड, शास्त्री चौक और घड़ी चौक होते हुए तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बूढ़ा साहिब पहुंची. इसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए और पूरी संगत एक साथ चलते हुए शबद-कीर्तन करती रही.
इस बार नगर-कीर्तन में 17 अलग-अलग पालकियों के बजाय एक मुख्य पालकी रखी गई. स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इंद्रजीत सिंह छाबड़ा के अनुसार, इसका उद्देश्य धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के साथ संगत को एक साथ जोड़ना था. यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लंगर की व्यवस्था भी की गई.
नगर-कीर्तन में पंजाब से आई गतका पार्टी ने पारंपरिक करतब दिखाए. फायर ब्रीदिंग प्रदर्शन के दौरान कलाकार ने मुंह से आग की लपटें निकालीं, जिसे देखने के लिए लोग जुटे. बस्तर से आए आदिवासी नृत्य दल की प्रस्तुति भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही. गुरु नानक देव के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित झांकी के जरिए सेवा, आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश दिया गया.
पंज प्यारों और आयोजन की परंपरा
नगर-कीर्तन की अगुवाई के लिए हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को पंज प्यारों के रूप में चुना गया. आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, चयन में अमृतधारी सिख होना, पांच बाणियों का नियमित पाठ और अनुशासित जीवन जैसे धार्मिक नियमों का ध्यान रखा गया.
स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर-कीर्तन निकालने की परंपरा करीब 150 वर्ष पुरानी बताई गई है. गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, आयोजन के जरिए पंज प्यारों की 327 वर्ष पुरानी परंपरा को भी आगे बढ़ाया जा रहा है.
मुख्य दीवान 24 नवंबर को
प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को खालसा स्कूल में होगा. सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शबद, कीर्तन और पाठ का कार्यक्रम रखा गया है. अमृतसर से आए रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन करेंगे. इसके बाद संगत के लिए लंगर होगा. रात 8 बजे से 11 बजे तक विशेष दीवान भी सजाया जाएगा.
इससे पहले स्टेशन रोड गुरुद्वारा में करीब 65 संगतों ने सहज पाठ पूरा किया. बच्चों के लिए आयोजित शबद, कीर्तन और पाठ कार्यक्रम में लगभग 110 बच्चों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के बाद बच्चों को पुरस्कार दिए गए और सामूहिक लंगर आयोजित हुआ.
