रायपुर में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में श्रद्धा और उल्लास के साथ धार्मिक आयोजन किए गए. तेलीबांधा और टाटीबंध गुरुद्वारों में सुबह से ही संगत पहुंचने लगी. श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन कर मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए अरदास की.
तेलीबांधा गुरुद्वारे में शबद-कीर्तन के जरिए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश दिया गया. कीर्तन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. यहां दिनभर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं और संगत ने कार्यक्रमों में भाग लिया.
टाटीबंध गुरुद्वारे में भी प्रकाश पर्व के अवसर पर विशेष आयोजन हुआ. श्रद्धालुओं ने गुरु घर में हाजिरी लगाई, गुरुवाणी का श्रवण किया और अरदास में शामिल होकर गुरु नानक देव जी को नमन किया.
दोनों गुरुद्वारों में लंगर की व्यवस्था की गई थी. संगत ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की, जबकि सेवादारों ने लंगर और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया.
प्रकाश पर्व के अवसर पर रायपुर के अन्य गुरुद्वारों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही रही. आयोजनों के माध्यम से सेवा, भक्ति और भाईचारे का संदेश दिया गया.
