रायपुर का कंकाली मठ साल में सिर्फ एक दिन, विजयादशमी पर श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है. दशहरे के अवसर पर यहां एक हजार साल पुराने बताए जाने वाले शस्त्रों की विशेष पूजा की जाती है. मंदिर के कपाट खुलने के बाद रायपुर और आसपास के जिलों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

मंदिर में पूजा-अर्चना सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक चलती है. श्रद्धालु कंकाली माता को पूजा सामग्री और प्रसाद के रूप में सोनपत्ती अर्पित करते हैं. रात 12 बजे के बाद मंदिर के कपाट फिर बंद कर दिए जाते हैं और अगले विजयादशमी तक नहीं खोले जाते.

कंकाली मठ में मां आदिशक्ति के रूप में कंकाली माता की पूजा की जाती है. स्थानीय मान्यता है कि कंकाली माता प्रकट होकर भक्तों को आशीर्वाद देती हैं. आम मंदिरों से अलग यहां नियमित रूप से कपाट खोलने के बजाय दशहरे के दिन ही पूजा और दर्शन की परंपरा है.

पुजारी अभिजीत गिरी के अनुसार, पहले कंकाली मठ की देखरेख नागा साधु करते थे. उन्होंने बताया कि 1980 में नागा साधुओं ने मंदिर की जिम्मेदारी महंत शंकर गिरी को सौंप दी थी. बाद में महंत शंकर गिरी ने मंदिर परिसर में जीवित समाधि ली थी.