रायपुर. माहेश्वरी सभा रायपुर की ओर से रविवार को डुंडा कमल विहार स्थित माहेश्वरी भवन में दीपावली मिलन और अन्नकूट उत्सव का आयोजन किया गया. इस अवसर पर ठाकुरजी को राजस्थान के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ के रूप में सजाया गया. फूलों से झांकी तैयार की गई और भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया.

कार्यक्रम की शुरुआत भजनों से हुई. समाज के लोगों ने भजन गाकर ठाकुरजी की आराधना की. इसके बाद महाआरती की गई. उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं. आयोजन के अंत में प्रसादी के रूप में स्नेहभोज रखा गया.

समाज के पदाधिकारी और सदस्य शामिल

आयोजन में माहेश्वरी फ्रेंड्स सर्किल का विशेष सहयोग रहा. माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश तापड़िया और सचिव आलोक बागड़ी सहित माहेश्वरी महिला समिति, युवा मंडल, महिला युवा मंडल, गोपाल मंदिर ट्रस्ट तथा माहेश्वरी छात्रावास कार्यकारिणी के सदस्य शामिल हुए.

कार्यक्रम में समाज के अन्य लोगों ने भी भागीदारी की. आयोजन की जानकारी माहेश्वरी सभा के मीडिया प्रभारी विष्णु सारडा ने दी.