रायपुर के माना इलाके में इस बार नवरात्रि के लिए दुर्गा प्रतिमाओं को अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों और थीम के आधार पर तैयार किया गया है. इनमें करवा चौथ प्रसंग पर आधारित प्रतिमा भी शामिल है. इस प्रतिमा में भगवान शिव माता को फल खिलाकर उनका व्रत खुलवाते हुए नजर आएंगे.
मूर्तिकारों ने माता के कई रूपों को प्रतिमाओं में उकेरा है. कुछ प्रतिमाओं में माता शेर पर सवार हैं, जबकि कहीं मोर के साथ उनका दरबार सजाया गया है. कुछ प्रतिमाओं में उन्हें सिंहासन पर विराजमान दिखाया गया है. अलग-अलग आसन, बनावट और सजावट के जरिए प्रतिमाओं को विशिष्ट रूप दिया गया है.
पारंपरिक स्वरूप में महिषासुर वध
माना में अष्टभुजी और दशभुजी स्वरूप वाली पारंपरिक प्रतिमाएं भी तैयार हैं. इनमें माता को सिंह पर सवार और हाथों में अस्त्र-शस्त्र धारण किए दिखाया गया है. कुछ प्रतिमाओं में महिषासुर वध का दृश्य बनाया गया है, जो शक्ति और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है.
माना बाजार में काशी विश्वनाथ मंदिर और माना कैंप मैदान में जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किए जा रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रायपुर में इस बार दुर्गा प्रतिमाओं की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है. मिट्टी, बांस, लकड़ी, रंग और सजावट सामग्री की लागत बढ़ने का असर कीमतों पर पड़ा है.
