महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर रविवार, 8 नवंबर को रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी. नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में यह निर्देश जारी किया है.

प्रतिबंध के दायरे में मांस-मटन की सभी दुकानें और पशुवध गृह शामिल हैं. इस दिन होटलों में भी मांस-मटन बेचने या परोसने पर रोक रहेगी. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नियम का उल्लंघन मिलने पर मांस-मटन जब्त किया जाएगा और संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

निगरानी के लिए निगम की टीमें तैनात

प्रतिबंध का पालन कराने के लिए नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में दुकानों की निगरानी करेंगे. टीमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिबंधित दिन कोई दुकान खुली न रहे और मांस-मटन की बिक्री न हो.

महापौर मीनल चौबे ने प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं. उनके निर्देश पर होटलों की भी जांच की जाएगी. किसी होटल में मांस-मटन की बिक्री होते पाए जाने पर मौके पर ही सामान जब्त करने के साथ संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.