रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सगुन फार्म रिसॉर्ट में ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन (AIMJF) का दो दिवसीय 44वां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय AGM शुरू हुआ. आयोजकों के मुताबिक करीब 23 साल बाद छत्तीसगढ़ में फेडरेशन का इतना बड़ा आयोजन हो रहा है. सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा करीब 12 देशों से 800 से ज्यादा प्रतिनिधि, कारोबारी और निवेशक शामिल हुए हैं.

कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, सामाजिक कल्याण और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जा रही है. फेडरेशन के अनुसार संगठन देशभर के करीब 15 लाख मेमन समाज के लोगों और 520 मेमन जमातों से जुड़ा है. आयोजन का नेतृत्व पूर्व महापौर एजाज भाई ढेबर कर रहे हैं. फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इकबाल मेमन ऑफिसर, यूथ विंग अध्यक्ष इमरान भाई फ्रूटवाला सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी भी सम्मेलन में मौजूद हैं. कार्यक्रम के पहले दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी पहुंचे.

छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों पर चर्चा

अधिवेशन में उद्योगपति जुनैद ढेबर ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं पर बात की. उन्होंने खनिज संसाधन, आयरन ओर और स्टील उत्पादन के साथ फूड प्रोसेसिंग, कृषि आधारित उद्योग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों का उल्लेख किया. उन्होंने मेमन समाज के कारोबारियों और निवेशकों से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने में भागीदार बनने की अपील की.

फेडरेशन के अनुसार उसकी गतिविधियों में मेडिकल सहायता, हाउसिंग हेल्प, जरूरतमंद विधवा महिलाओं को आर्थिक सहयोग और युवाओं के लिए ब्याजमुक्त रिटर्नेबल फंड शामिल हैं. सम्मेलन में प्रतिनिधि सामाजिक, शैक्षणिक और कल्याणकारी गतिविधियों पर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे.