गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर रायपुर में 20 नवंबर को निकलने वाला नगर कीर्तन बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया है. गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार अब यह आयोजन 22 नवंबर को होगा. नगर कीर्तन स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू होकर तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बूढ़ा साहिब तक जाएगा.
इस बार 17 अलग-अलग पालकियों की जगह एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी. पूरी संगत इसके साथ शबद-कीर्तन करते हुए चलेगी. मुख्य पालकी के आगे पांच गुरुद्वारों के पंज प्यारे रहेंगे. नगर कीर्तन में बस्तर से आने वाला आदिवासी नृत्य दल भी प्रस्तुति देगा.
निर्धारित रूट और आयोजन संबंधी नियम
रायपुर ट्रैफिक के अतिरिक्त DCP आरके बर्मन के अनुसार यात्रा स्टेशन रोड गुरुद्वारा से निकलकर गुरु गोविंद सिंह चौक, फाफाडीह चौक, जेल रोड, शास्त्री चौक और घड़ी चौक से होते हुए तेलीबांधा पहुंचेगी. इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को आयोजन के दौरान यातायात प्रभावित होने की संभावना को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है.
आयोजन की बैठक में डीजे और तेज आवाज वाले स्पीकर पर रोक रखने का निर्णय लिया गया है. केवल सामान्य माइक से गुरबाणी और शबद-कीर्तन का प्रसारण होगा. बाइक रैली में स्टंट और आतिशबाजी पर भी रोक रहेगी.
इस बार पंज प्यारों के रूप में हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह का चयन किया गया है. कमेटी के अनुसार पंज प्यारों के चयन में अमृतधारी सिख होना, पांच बाणियों का पाठ और अनुशासित जीवन जैसे धार्मिक नियमों का पालन किया जाता है.
प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को खालसा स्कूल में होगा. सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शबद, कीर्तन और पाठ होंगे. रात 8 बजे से 11 बजे तक विशेष दीवान सजेगा. कार्यक्रम में अमृतसर से आए रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन करेंगे और संगत के लिए लंगर की व्यवस्था रहेगी.
