रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ महापर्व के तीसरे दिन हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया. शहर के पुराने छठ घाटों में शामिल इस तालाब में पिछले करीब पांच दशकों से छठ पूजा आयोजित की जा रही है.

आयोजन समिति के अनुसार, इस बार घाट पर स्वागत द्वार, रोशनी, तंबू और भंडारे की व्यवस्था की गई. नगर निगम ने साफ-सफाई में सहयोग किया, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली. समिति ने आयोजन में सहयोग के लिए निगम और पुलिस का आभार जताया.

पांच दशक पहले की चुनौतियां

85 वर्षीय लखपति बाई दुबे ने बताया कि करीब 50 साल पहले नरैया तालाब में छठ पूजा करना काफी कठिन था. उनके पति पुलिस की नौकरी में रहते थे, इसलिए वह बच्चों के साथ अकेले घाट पर आती थीं. उस समय शाम और सुबह घाट पर अंधेरा रहता था और उन्हें बैटरी लेकर पहुंचना पड़ता था. तालाब के किनारे पक्का घाट भी नहीं था. पूजा के दौरान मछलियों से सूप बचाना भी एक चुनौती होती थी.

लखपति बाई ने कहा कि उन्होंने कभी उत्तर प्रदेश या बिहार जाकर छठ पूजा नहीं की. उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ ही उनके लिए सबसे सुंदर और सुकून भरी जगह है. वह आज भी अपनी चार पीढ़ियों के साथ घाट पर आती हैं.

चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य और भंडारे के बाद होगा.