शारदीय नवरात्र शुरू होते ही रायपुर के बाजारों में फल, फूल और हरी सब्जियों की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. व्रत के लिए फलों और पूजा के लिए फूलों की मांग बढ़ने से खुदरा भाव में करीब 20 से 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है. इसका असर लोगों के पूजा खर्च के साथ-साथ रसोई के मासिक बजट पर भी पड़ा है.

व्रत में इस्तेमाल होने वाले फलों में सेब 160 से बढ़कर 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. अनार और संतरा 160 से 200 रुपये, सीताफल और अमरूद 150 से 180 रुपये तथा ड्रैगन फ्रूट 160 से 200 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. केले का भाव 50 से 80 रुपये प्रति दर्जन है. नारियल पानी 70 से 120 रुपये प्रति नग और सिंघाड़ा 100 से 150 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है.

पूजा सामग्री में भी महंगाई का असर है. नागपुर और कोलकाता से आने वाला आर्किड करीब 400 रुपये किलो और गुलाब 200 रुपये किलो तक पहुंच गया है. सामान्य दिनों में 50-60 रुपये की मिलने वाली पूजा माला अब 90-100 रुपये में बिक रही है. कमल का एक फूल 20-30 रुपये का है. हालांकि, स्थानीय आवक वाला गेंदा 80-100 रुपये किलो के भाव पर उपलब्ध है.

डूमरतराई थोक बाजार के अनुसार मुनगा 120-150 रुपये, हरी धनिया 150-160 रुपये और फूलगोभी, भिंडी, करेला व परवल 70-80 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं. फलाहार में इस्तेमाल होने वाले खीरे का भाव 40-60 रुपये किलो है. आलू 20 रुपये और प्याज 50 रुपये किलो तक आने से कुछ राहत है. कारोबारियों के मुताबिक नवरात्र के नौ दिनों में मांग मजबूत रहने से तत्काल नरमी की संभावना कम है.