दीपावली के बाद घर लौटने वाले यात्रियों और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं. यात्रियों को नियंत्रित तरीके से रखने के लिए स्टेशन परिसर में 4,200 वर्गफीट का होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है. इसमें करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है.

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मंगलवार को स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने होल्डिंग एरिया में बैठने की सुविधा, सीसीटीवी कैमरों, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था देखी. यहां 15 और 20 रुपये में भोजन तथा 14 रुपये में रेल नीर उपलब्ध कराया जा रहा है. यात्रियों के लिए निशुल्क पेयजल की सुविधा भी रखी गई है. महाप्रबंधक ने यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया.

निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय, वेटिंग लाउंज, क्लॉक रूम और प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने डिजिटल बैगेज लॉकर की भी समीक्षा की गई. टिकट लेने के लिए स्टेशन पर 20 एटीवीएम लगाए गए हैं. टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने के साथ मोबाइल से टिकट लेने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. आरक्षित और अनारक्षित टिकट केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई.

सीसीटीवी से होगी भीड़ की निगरानी

त्योहारों के दौरान स्टेशन और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ की निगरानी के लिए 24 घंटे वार रूम सक्रिय रहेगा. सीसीटीवी कैमरों की लाइव तस्वीरों के जरिए भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जाएगी. वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार और यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है.

रेलवे ने शौचालय, पंखे, एसी, पेयजल, लिफ्ट और एस्केलेटर चालू रखने के निर्देश दिए हैं. खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और तय दरों की जांच होगी. आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सा दल तैनात रहेगा. छठ के दौरान अतिरिक्त भीड़ संभालने के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी भी की गई है.