रायपुर के जैनम मानस भवन में 14 से 19 अक्टूबर तक ‘रंगीलो रास गरबा’ आयोजित किया जाएगा. आयोजन समिति के अनुसार, इस बार कार्यक्रम में गरबा के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति, बस्तर आर्ट और स्थानीय पारंपरिक खानपान को भी प्रमुखता दी जाएगी.

समिति के संस्थापक नीलेश मुंदडा ने बताया कि लोगों की सुविधा और शहर के ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल बदला गया है. उनके मुताबिक, जैनम मानस भवन में पार्किंग की सुविधा और बड़ा लॉन उपलब्ध है.

बस्तर आर्ट और गढ़कलेवा कॉर्नर

आयोजन के मंच पर बस्तर आर्ट की कलाकृतियां प्रदर्शित करने की तैयारी है. गढ़कलेवा कॉर्नर में चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजन उपलब्ध कराने की बात कही गई है.

कार्यक्रम में ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ पुरस्कार भी रखा गया है. समिति के अनुसार, पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा. अलग-अलग वर्गों के विजेताओं के लिए प्रायोजकों की ओर से उपहार घोषित किए गए हैं.

पारंपरिक वेशभूषा अनिवार्य

समिति का कहना है कि आयोजन में केवल पारंपरिक गरबा गीत बजेंगे और बॉलीवुड गीतों की अनुमति नहीं होगी. प्रवेश के लिए पारंपरिक कपड़े पहनना जरूरी होगा; वेस्टर्न और कैजुअल परिधान में आने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

आयोजकों के मुताबिक, कपल्स और समूह में आने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले आने वाले लड़कों को प्रवेश नहीं मिलेगा. प्रवेश द्वार पर तिलक लगाने की भी व्यवस्था रहेगी.

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स तैनात करने की योजना है. समिति ने बताया कि आपात स्थिति के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और दो एंबुलेंस भी कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध रहेंगी.