रायपुर के भैस्थान मैदान में आयोजित समता रास गरबा उत्सव 2026 में शारदीय नवरात्र के दौरान भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला. नौ दिवसीय इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों से गरबा प्रेमियों और श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा आयोजन समिति ने किया है.

आयोजन के दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं और परिवारों ने पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया किया. मां दुर्गा के भक्ति गीतों और भजनों के बीच प्रतिभागियों ने नृत्य प्रस्तुत किया. आयोजन स्थल पर सजावट, संगीत और सामूहिक भागीदारी के जरिए नवरात्र उत्सव का माहौल बनाया गया.

समिति के अनुसार, पूरे आयोजन के दौरान चयनित प्रतिभागियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया. आयोजन समिति प्रमुख सुबोध हरितवाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल गरबा और डांडिया आयोजित करना नहीं, बल्कि पारंपरिक परिधान, धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना भी है.

नवमी पर पुरस्कार वितरण

आयोजन समिति ने बताया कि महानवमी के दिन समता रास गरबा उत्सव का समापन किया जाएगा. अंतिम दिन प्रतिभागियों और विजेताओं के लिए 250 से अधिक पुरस्कार रखे गए हैं. घोषित पुरस्कारों में प्रथम पुरस्कार के तौर पर होंडा एक्टिवा, जेंट्रॉन इलेक्ट्रॉनिक बाइक, बेस्ट कपल्स के लिए डायमंड रिंग, एलईडी टीवी और 31 हजार रुपये सहित अन्य उपहार शामिल हैं.

समिति के मुताबिक, नौ दिनों तक गरबा में प्रतिभा और उत्साह दिखाने वाले प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहेगा. आयोजकों ने कहा कि आयोजन में परिवारों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही.

समता कॉलोनी रास गरबा समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थल की सजावट और अन्य व्यवस्थाएं कीं. समिति के अनुसार, नवरात्र के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ सामूहिक उत्सव और पारंपरिक संस्कृति को भी मंच दिया.