रायपुर के श्याम नगर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का नवरात्रि के बाद विसर्जन कर दिया गया. इस वर्ष प्रतिमा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे, जिसके बाद नवमी के दिन शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे.

प्रतिमा को देखने उमड़ी भीड़ के कारण श्याम नगर का दुर्गोत्सव रायपुर के प्रमुख आयोजनों में शामिल रहा. मां दुर्गा की स्थापना और पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं गौरा-गौरी समिति ने संभालीं. समिति के अध्यक्ष जय गोफन, उपाध्यक्ष मंजिंदर सिंघ और अन्य सदस्य आयोजन से जुड़े रहे.

विसर्जन के साथ श्याम नगर में दुर्गोत्सव का समापन हो गया.

अविनाश कैपिटल होम-2 में सिंदूर खेला

अविनाश कैपिटल होम-2 अपार्टमेंट में दुर्गा पूजा के समापन और विसर्जन के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला किया. उन्होंने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की.

बंगाली रीति-रिवाज के अनुसार हुए इस आयोजन में महिलाएं लाल सिंदूर से सजी नजर आईं. विदाई के दौरान माहौल भक्तिमय और भावुक रहा. महिलाओं ने ‘आसछे बोछोर आबार होबे’ यानी अगले साल फिर मां के आगमन की कामना के साथ मां दुर्गा को विदाई दी.