रायपुर सिटी महाकालीबाड़ी और विश्वनाथ मंदिर समिति की ओर से श्यामा संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें कलाकारों ने मां काली की भक्ति में बांग्ला भजन और श्यामा संगीत प्रस्तुत किए. बंगाल की पारंपरिक संगीत शैली के साथ शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहीं.
कार्यक्रम की शुरुआत पृथ्वी टांडी ने ‘आमाय एकटु जायगा’ और ‘तुई नाकी मां दयामयी’ गीतों से की. इसके बाद बिजया बिस्वास ने ‘आमार चेतना’ और ‘सदानंदमयी काली’ प्रस्तुत किया. समीर भट्टाचार्य ने ‘डुब डुब डुब रूप सागरे’ और ‘आमार मायेर पायेर जवा’ गाया. आदित्य कर्मकार ने ‘आमार साध ना मिटिलो’ और ‘श्यामा मां कि आमार कालो’ की प्रस्तुति दी. सारण्य दत्ता ने ‘ओ श्यामा ओ श्यामा’ सुनाया.
शास्त्रीय रागों में भक्ति रचनाएं
तानिया सेनगुप्ता ने ‘नमो नमो दुर्गे भवानी’ प्रस्तुत किया. उन्होंने राग भीमपलासी में ‘मां शारदे भवानी’, तराना और राग भैरवी में ‘भवानी दयानी’ भी सुनाया. गौतम बिस्वास ने राग दरबारी कान्हड़ा में ‘माता कालिका’ प्रस्तुत की और ‘मां तोर एतो भावना’ गाया. शुभस्मिता नियोगी ने ‘सकली तोमारी इच्छा’ तथा नबकृष्ण दास ने ‘दोष कारो नॉय’ प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम में पंडित कमल मुखर्जी ने तबले पर संगत की और कलाकारों की प्रस्तुतियों के अनुरूप ताल-लय का साथ दिया. रंजन बैनर्जी ने संचालन करते हुए कलाकारों और उनके गीतों का परिचय दिया तथा श्यामा संगीत की परंपरा के बारे में जानकारी दी.
समिति के सचिव गौतम मजूमदार की योजना से आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग कलाकारों को एक मंच मिला. आयोजन के जरिए बंगाल की संगीत और भक्ति परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया.
