रायपुर में 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव के दौरान कई स्थानों पर रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. WRS मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा. उत्सव को देखते हुए उरकुरा से रायपुर स्टेशन के बीच ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक 15 किलोमीटर प्रति घंटा रखी जाएगी.
मैदान के पास से मुंबई-हावड़ा रेल लाइन गुजरती है. दशहरा देखने पहुंचने वाली भीड़ के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने से दुर्घटना का खतरा देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था की है. ट्रेनों के लोको पायलट हॉर्न बजाते हुए आगे बढ़ेंगे और जरूरत पड़ने पर ट्रेन रोक भी सकेंगे. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था के कारण सामान्य स्थिति में ट्रेनों को करीब 5 मिनट और व्यस्त समय में लगभग 10 मिनट तक की देरी हो सकती है. वास्तविक देरी परिचालन की स्थिति पर निर्भर करेगी.
ट्रैक के पास बैरिकेडिंग और निगरानी
WRS मैदान के आसपास ट्रैक के पास बैरिकेडिंग की जाएगी. RPF, GPR और स्थानीय पुलिस के करीब 250 जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे. हर 10 मिनट में माइक से लोगों को रेलवे पटरियों से दूर रहने की अपील की जाएगी. ट्रैक पर लगातार निगरानी भी रखी जाएगी. दोपहर से भीड़ बढ़ने और शाम को फाफाडीह से WRS मैदान तक जाम की आशंका के चलते यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें भी तैनात रहेंगी.
बोरियाखुर्द के खेल मैदान में 45 फीट ऊंचे रावण और 30-30 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा. यहां दोपहर में पतंग उत्सव, शाम 4 बजे सांस्कृतिक नृत्य और योग प्रदर्शन, 5 बजे पूजा व दीप प्रज्वलन और 5:30 बजे रामलीला होगी. रात 8 बजे भजन गायक सन्नी अलबेला और उनकी टीम प्रस्तुति देगी.
बूढ़ापारा के सप्रे स्कूल मैदान में शाम 4 बजे भजन कार्यक्रम शुरू होगा. शाम 6 बजे 50 फीट ऊंचे रावण का दहन और 6:30 बजे आतिशबाजी होगी. रावणभाठा मैदान में नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और अग्निशमन की व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
इस बार रावण के पुतले बनाने की लागत में भी 15 से 20 प्रतिशत बढ़ोतरी बताई गई है. कारीगर गोपाल राव के मुताबिक, बांस, कागज, कपड़ा, पेंट, सजावटी सामग्री और आतिशबाजी महंगी होने से खर्च बढ़ा है.
