राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत दिसंबर 2026 में पांच विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी. इन ट्रेनों से बुजुर्ग यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 दिसंबर को बीकानेर से कामाख्या, 7 दिसंबर को जयपुर के खातीपुरा स्टेशन से तिरुपति, 13 दिसंबर को जोधपुर के भगत की कोठी से उज्जैन, 15 दिसंबर को अजमेर से रामेश्वरम और 21 दिसंबर को जयपुर से जगन्नाथपुरी के लिए ट्रेन रवाना होगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार का लक्ष्य 21 दिसंबर तक करीब 5,000 अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा कराने का है. नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के लिए हवाई यात्रा भी दिसंबर में दोबारा शुरू किए जाने की योजना है.
इससे पहले 30 नवंबर को योजना के तहत 25वीं विशेष ट्रेन सवाई माधोपुर से दुर्गापुरा होते हुए द्वारका और सोमनाथ के लिए रवाना होने वाली है. इसमें आठ जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 1,000 यात्रियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. देवस्थान विभाग की वेबसाइट पर वर्ष 2026 की योजना, आवेदन और लॉटरी से संबंधित जानकारी उपलब्ध है.
