छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गणेश उत्सव के तहत शनिवार रात 35 झांकियों का नगर भ्रमण शुरू हुआ. रात करीब 8 बजे गुरुद्वारा चौक से निकलीं झांकियां शहर के प्रमुख मार्गों से होकर नंडई की ओर जा रही हैं. डीजे, भजनों और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच शहर में उत्सव का माहौल बना हुआ है.
यह आयोजन पहले 25 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन तेज बारिश के कारण झांकी समितियों ने इसे टाल दिया था. मौसम साफ होने के बाद शनिवार को झांकियां निकालने का निर्णय लिया गया. दिनभर बारिश नहीं होने से शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे.
इन मार्गों से गुजरेंगी झांकियां
नगर भ्रमण गुरुद्वारा चौक से शुरू होकर महाकाल चौक, सिनेमा लाइन, कामठी लाइन, रामाधीन मार्ग और गंज लाइन से होते हुए नंडई की ओर जाएगा. झांकियों में पौराणिक और धार्मिक कथाओं के साथ अलग-अलग विषयों को प्रदर्शित किया गया है. दक्षिण भारतीय संस्कृति पर आधारित ‘कांतारा’ थीम की झांकी लोगों के बीच विशेष आकर्षण बनी हुई है.
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
प्रशासन के अनुसार, झांकी यात्रा के दौरान करीब 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. हर झांकी के साथ पुलिस की एक टीम चल रही है, ताकि भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा सके.
कलेक्टर जितेंद्र यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की टीम शहर में निगरानी कर रही है. निगम आयुक्त, तहसीलदार और एसडीएम शाहिद समेत अन्य अधिकारी भी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं के लिए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के जरूरी इंतजाम किए गए हैं.
