5 नवंबर को आसो महीने के कृष्ण पक्ष की एकादशी को रमा एकादशी के रूप में मनाया जा रहा है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर-परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है. इस बार एकादशी तिथि 4 नवंबर को सुबह करीब 11:03 बजे शुरू हुई और 5 नवंबर को सुबह 10:36 बजे तक रही. उदया तिथि के आधार पर व्रत 5 नवंबर को रखा जा रहा है. व्रत का पारण 6 नवंबर को किया जाएगा.

रमा एकादशी की पूजा-विधि

व्रत रखने वाले श्रद्धालु स्नान के बाद सूर्यदेव को जल अर्पित कर घर के मंदिर में दीपक जलाएं और व्रत का संकल्प लें. पूजा की शुरुआत गणेश पूजन से करने के बाद भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की आराधना करें. दक्षिणावर्ती शंख में जल, दूध और पंचामृत भरकर अभिषेक किया जा सकता है. इसके बाद शुद्ध जल से स्नान कराकर भगवान को नए वस्त्र, फूल, तुलसी, फल और मिठाई अर्पित करें.

पूजा के दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप किया जा सकता है. श्रद्धालु विष्णु सहस्रनाम, विष्णु चालीसा या भगवद्गीता का पाठ भी कर सकते हैं. धूप-दीप और आरती के बाद एकादशी व्रत की कथा पढ़ने या सुनने की परंपरा है. शाम को भी विष्णु और लक्ष्मी की पूजा की जा सकती है.

व्रत और गुरु पूजा के उपाय

एकादशी व्रत में अनाज का सेवन नहीं किया जाता. स्वास्थ्य और क्षमता के अनुसार फल, दूध या अन्य फलाहारी सामग्री ली जा सकती है. 6 नवंबर को भगवान विष्णु की पूजा के बाद जरूरतमंदों को भोजन कराकर व्रत का पारण करने की सलाह दी गई है.

गुरुवार और एकादशी के संयोग को देखते हुए धार्मिक मान्यता के अनुसार गुरु ग्रह की पूजा भी की जा सकती है. इसके लिए शिवलिंग पर केसर मिले जल का अभिषेक, चंदन और पीले फूल अर्पित करने के बाद ‘ॐ बृं बृहस्पतये नमः’ मंत्र का 108 बार जाप करने की विधि बताई गई है. बेसन के लड्डू का भोग लगाने और हल्दी, बेसन, चने की दाल तथा पीले वस्त्रों का दान करने की परंपरा भी बताई गई है.