रामानुजगंज में छठ महापर्व के अवसर पर कन्हर नदी के विभिन्न घाटों पर 25 हजार से अधिक श्रद्धालु जुटे. व्रती महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की.

राम मंदिर घाट पर मुख्य आयोजन हुआ, जबकि नगर के अन्य घाटों पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. छठ में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों के अलावा मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड से भी श्रद्धालु रामानुजगंज पहुंचे. देर शाम तक कन्हर नदी के तट पर भक्ति का माहौल बना रहा और छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे.

घाटों पर की गईं विशेष व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठ घाटों पर आकर्षक रोशनी समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं. छठ पूजन समिति के अध्यक्ष आलोक गुप्ता और अमित जायसवाल ने बताया कि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए समिति ने जरूरी इंतजाम किए थे.

नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने घाटों का जायजा लिया. अग्रवाल के अनुसार, पर्व को देखते हुए पूरे शहर में विशेष सफाई कराई गई और घाटों की स्वच्छता पर खास ध्यान दिया गया. श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए अस्थायी पुलिया भी बनाई गई थी, जिससे नदी के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचना आसान हो सके.

भीड़ के कारण सड़क पर जाम

छठ पर्व में उमड़ी भीड़ के चलते रेस्ट हाउस रोड पर कई बार जाम की स्थिति बनी. इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ. दीपों और रोशनी से सजे घाटों के बीच पूरा नगर देर शाम तक भक्तिमय नजर आया.