रामानुजगंज में शारदीय नवरात्र के महाष्टमी और नवमी पर्व पर दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. सप्तमी से ही लोग माता के दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे. नगर में दर्जनों स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और पूजा समितियों ने पंडाल तैयार किए हैं.
आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचे. सुबह से देर रात तक दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लोगों की आवाजाही बनी रही. महामाया मंदिर और पहाड़ी मंदिर में भी भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
मंदिरों और पंडालों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था संभाली. नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मां महामाया मंदिर में उनकी ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
बलरामपुर में निकला शक्ति संचलन
शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर विश्व हिंदू परिषद और दुर्गा वाहिनी की ओर से बलरामपुर नगर में शक्ति संचलन निकाला गया. इसमें दुर्गा वाहिनी की बहनों ने हिस्सा लिया. जयघोष और वाद्य यंत्रों के बीच निकले संचलन का रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया.
संचलन की शुरुआत दहेजवार बगीचा से हुई. प्रतिभागी हिंदू चौक और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रीराम चौक पहुंचे. निर्धारित मार्ग से गुजरने के बाद संचलन सभा स्थल पर लौटकर संपन्न हुआ. इसे देखने के लिए प्रमुख मार्गों पर लोग जुटे रहे.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, सचिव युगकिशोर, विभाग संयोजिका शकुन्तला सिंह और दुर्गा वाहिनी की संयोजिका संजना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.
