पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में छठ पूजा के मौके पर मांस की दुकानों को बंद रखने के नगरपालिका के आदेश से विवाद खड़ा हो गया है. नगरपालिका ने कोर्ट लेन इलाके में स्थित तीन दुकानों को 15 और 16 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे तक बंद रखने का निर्देश दिया है. यह मार्ग छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए इस्तेमाल होता है.

नगरपालिका के चेयरमैन सौमेन भकत ने कहा कि फैसला किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है. उनके अनुसार, छठ पूजा से जुड़ी धार्मिक भावनाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया. नगरपालिका का कहना है कि दुकानों के आसपास खून या गंदा पानी सड़क पर आने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं.

नोटिस में यह भी कहा गया है कि बाकी दिनों में दुकानों पर रखे कटे हुए मांस को लाल कपड़े या ढकने की व्यवस्था के पीछे रखा जाए. उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

दुकानदारों ने कहा कि रविवार उनके लिए अधिक कारोबार वाला दिन है और आदेश से आर्थिक नुकसान होगा. विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक फैसला बताते हुए आलोचना की है, जबकि भाजपा नेताओं ने नगरपालिका के कदम का समर्थन किया है.