दिवाली से पहले 1 नवंबर 2026, रविवार को रवि पुष्य नक्षत्र का संयोग बन रहा है. रवि पुष्य नक्षत्र तब बनता है, जब रविवार के दिन पुष्य नक्षत्र हो. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस संयोग में नई खरीदारी और शुभ कार्यों की शुरुआत करना लाभकारी माना जाता है. इस वर्ष दिवाली 8 नवंबर को है.

पुष्य नक्षत्र में सोना-चांदी, वाहन, प्लॉट, घर और व्यापार से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी की परंपरा बताई गई है. व्यापारी इस दिन नए चोपड़े यानी बहीखाते शुरू करते हैं. घरों में लक्ष्मी-गणेश की पूजा करने की भी परंपरा है.

रवि पुष्य नक्षत्र का धार्मिक महत्व

ज्योतिष में सूर्य को रविवार का स्वामी माना जाता है. सूर्य को मान-सम्मान, प्रतिष्ठा, नेतृत्व और आत्मविश्वास से जोड़कर देखा जाता है, जबकि पुष्य नक्षत्र को स्थिरता और समृद्धि का प्रतीक माना गया है. इन्हीं मान्यताओं के आधार पर इस दिन किए गए शुभ कार्यों को फलदायी बताया जाता है.

इस दिन पुष्य नक्षत्र के साथ सप्तमी तिथि होने का भी उल्लेख है. धार्मिक परंपरा के अनुसार तांबे के पात्र से सूर्यदेव को जल अर्पित किया जा सकता है और ‘ॐ सूर्याय नमः’ मंत्र का जाप किया जाता है. भोजन, वस्त्र और धन का दान करने तथा घर या दुकान में लक्ष्मी-गणेश पूजन की भी सलाह दी गई है. ज्योतिषाचार्य डॉ. हेमील पी. लाठिया के अनुसार, नए बहीखाते और अन्य शुभ खरीदारी 1 नवंबर को की जा सकती है.