केरल हाईकोर्ट ने आगामी सबरीमाला तीर्थयात्रा सत्र की तैयारियों को लेकर त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) से विस्तृत समयबद्ध योजना पेश करने को कहा है. अदालत ने बोर्ड को प्रत्येक कार्य, उसके पूरा होने की संभावित तारीख और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उपायों का विवरण रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश दिया.
न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी और न्यायमूर्ति के वी जयकुमार की पीठ मासिक पूजा के दौरान भगवान अयप्पा मंदिर में होने वाली गतिविधियों से जुड़े स्वतः संज्ञान मामले पर सुनवाई कर रही थी. पीठ ने यह भी स्पष्ट करने को कहा कि निर्धारित समय में काम पूरा कराने के लिए क्या निगरानी तंत्र बनाया गया है.
राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि सबरीमाला यात्रा 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा के लिए देवस्वोम मंत्री और मुख्यमंत्री स्तर पर बैठकें हुई हैं. सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और बोर्ड से जुड़े सभी तैयारी कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करने का निर्देश दिया है.
इससे पहले टीडीबी अध्यक्ष के. जयकुमार ने भी कहा था कि यात्रा सत्र की तैयारियां 31 अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. बोर्ड ने कामों की साप्ताहिक गुणवत्ता जांच के लिए चार सदस्यीय इंजीनियरों की टीम गठित करने की जानकारी दी थी.
