केरल के पथानमथिट्टा स्थित सबरीमला श्री धर्मशास्ता मंदिर में मंडला-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा सीजन की शुरुआत हो गई है. मंदिर का गर्भगृह 16 नवंबर की शाम खोला गया, जबकि श्रद्धालुओं के लिए नियमित पूजा और दर्शन 17 नवंबर की सुबह से शुरू होंगे.
भीड़ प्रबंधन के तहत पूरे 2026-27 तीर्थयात्रा सीजन में प्रतिदिन अधिकतम 80,000 श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा. ट्रावणकोर देवस्वम बोर्ड के अनुसार, इनमें 66,000 स्लॉट ऑनलाइन वर्चुअल क्यू के जरिए और 14,000 स्लॉट स्पॉट बुकिंग के लिए निर्धारित हैं.
पंबा में स्पॉट बुकिंग की सुविधा नहीं होगी. इसके लिए निलक्कल, एरुमेली और वंदिपेरियार सत्रम में निर्धारित केंद्र बनाए गए हैं. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले ऑनलाइन स्लॉट बुक करने और भीड़ नियंत्रण संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
मंदिर प्रतिदिन सुबह 3 बजे खुलेगा. नेय्याभिषेकम सुबह 3:30 बजे से 11 बजे तक होगा. दोपहर की पूजा के बाद मंदिर कुछ समय के लिए बंद रहेगा और रात 11 बजे हरिवरासनम के बाद बंद होगा. मकरविलक्कु उत्सव 14 जनवरी 2027 को होगा, जबकि तीर्थयात्रा सीजन 20 जनवरी को समाप्त होगा.
