अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने 28 सदस्यीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ सोमवार, 28 सितंबर 2026 को अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका. प्रतिनिधिमंडल में अमेरिकी दूतावास के अधिकारी, सरकारी प्रतिनिधि, सीनेटर और विदेश नीति से जुड़े विशेषज्ञ शामिल थे.

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (SGPC) के अनुसार, गोर को हरमंदिर साहिब की धार्मिक परंपराओं, गुरबानी कीर्तन और गुरु घर की सेवा व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई. SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने उनका स्वागत किया.

मुलाकात के दौरान अमेरिका में सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों और सिख सिद्धांतों पर भी चर्चा हुई. धामी के अनुसार, गोर ने बताया कि यह स्वर्ण मंदिर की उनकी दूसरी यात्रा है और वह करीब 15 वर्ष पहले अपने माता-पिता के साथ यहां आए थे.

अमृतसर दौरे के दौरान अमेरिकी राजदूत ने जलियांवाला बाग और पार्टिशन म्यूजियम का भी दौरा किया. उन्होंने यात्रा को यादगार बताया.