25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा मनाई जा रही है. इसे कोजागरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस रात मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और यह देखती हैं कि कौन जाग रहा है. इसी विश्वास के कारण कई परिवार रात में जागरण, भजन-कीर्तन और लक्ष्मी पूजन करते हैं.

श्रद्धालु पूजा से पहले घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं. इसके बाद मां लक्ष्मी और चंद्रदेव को पुष्प, अक्षत, दीप और नैवेद्य अर्पित किया जाता है. चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है.

चांदनी में खीर रखने की परंपरा

शरद पूर्णिमा पर दूध, चावल और चीनी से खीर बनाने की परंपरा है. मान्यता है कि इस रात चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से पूर्ण होता है और उसकी चांदनी में अमृत तुल्य गुण होते हैं. इसी आस्था के चलते खीर को भगवान को अर्पित करने के बाद चंद्रमा की रोशनी में रखा जाता है और अगले दिन प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है.

खीर को खुले में रखने के बजाय स्वच्छ, सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखना उचित बताया गया है, ताकि उसमें धूल, कीड़े या अन्य अशुद्धियां न पड़ें.

काशी में विशेष अनुष्ठान

काशी विश्वनाथ मंदिर की पूर्व न्याय परिषद के अध्यक्ष आचार्य अशोक कुमार द्विवेदी पिछले 44 वर्षों से शरद पूर्णिमा पर मां लक्ष्मी की विशेष पूजा कर रहे हैं. इस अवसर पर 21 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा अनुष्ठान कराया जा रहा है. इसमें श्री यंत्र की स्थापना, पूजन, श्री मंत्र का जाप, सहस्रार्चन और हवन शामिल हैं.