पितृ पक्ष में श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान की परंपराओं को लेकर विभिन्न धर्मग्रंथों में उल्लेख मिलते हैं. महाभारत के अनुशासन पर्व में भी श्राद्ध से संबंधित नियमों, मान्यताओं और प्रसंगों का वर्णन है.

अनुशासन पर्व के 91वें अध्याय से जुड़ी कथा में युधिष्ठिर भिष्म पितामह से पूछते हैं कि श्राद्ध का प्रचलन कब शुरू हुआ और इसे सबसे पहले किस महर्षि ने अपनाया. इसके उत्तर में भिष्म श्राद्ध की परंपरा को महर्षि निमि से जोड़ते हैं.

महर्षि निमि और उनके पुत्र की कथा

धार्मिक कथा के अनुसार, ब्रह्मा से अत्रि मुनि की उत्पत्ति हुई और अत्रि के वंश में आगे चलकर ऋषि निमि हुए. निमि के पुत्र का नाम श्रीमान बताया गया है. कथा में कहा गया है कि कम आयु में श्रीमान की मृत्यु हो गई, जिससे निमि गहरे शोक में डूब गए.

इसी शोक के दौरान एक अमावस्या तिथि पर निमि ने अपने पुत्र के लिए श्राद्ध कर्म किया. उन्होंने ब्राह्मणों को भोजन कराया और पिंडदान किया. धार्मिक परंपरा में इसी प्रसंग को श्राद्ध कर्म के आरंभ से जोड़कर देखा जाता है. इसके बाद पितरों के लिए श्राद्ध और तर्पण की परंपरा आगे बढ़ने की मान्यता है.

पितरों के संबंध में मान्यताएं

महाभारत में पितरों से संबंधित मान्यताओं का भी उल्लेख है. ब्रह्मा, पुलस्त्य, वशिष्ठ, अंगिरस और कश्यप जैसे नामों को प्रमुख पितृ देवताओं के रूप में माना गया है.

पितृ पक्ष के दौरान लोग अपने दिवंगत परिजनों का स्मरण करते हैं और धार्मिक आस्था के अनुसार श्राद्ध व तर्पण करते हैं. मान्यता है कि इन कर्मों से पितरों की शांति के लिए प्रार्थना की जाती है. यह परंपरा पूर्वजों के प्रति स्मरण और सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी मानी जाती है.