पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में दुर्गा पूजा से पहले लगे कुछ पोस्टरों को लेकर विवाद शुरू हो गया है. पोस्टरों में लोगों से बिरयानी, मांस और पूजा सामग्री हिंदू दुकानों से खरीदने की अपील की गई है.

एक पोस्टर पर लिखा है कि बिरयानी खाने से कोई नहीं रोक रहा, लेकिन इसे हिंदू दुकान से खरीदा जाए. अन्य संदेशों में मांस खरीदते समय हिंदू दुकानदार चुनने और QR कोड से भुगतान करने से पहले विक्रेता का नाम देखने की अपील की गई है.

हिंदू जागरण मंच ने इन पोस्टरों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह किसी पर थोपा गया निर्देश नहीं, बल्कि अपील है. संगठन के नेताओं के अनुसार, दुर्गा पूजा से जुड़ी बड़ी आर्थिक गतिविधियों में हिंदू व्यापारियों को भी लाभ मिलना चाहिए. मंच ने पूजा समितियों के आसपास हिंदू दुकानदारों और स्टॉल मालिकों को जगह देने की अपील किए जाने की बात भी कही है.

विपक्षी नेताओं ने पोस्टरों की आलोचना की है. उनका आरोप है कि ऐसी अपीलें समुदायों के बीच आर्थिक दूरी और विभाजन को बढ़ावा दे सकती हैं. पोस्टर अभियान ऐसे समय सामने आया है जब बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन को लेकर भी सार्वजनिक बहस चल रही है.