रायपुर. छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत सोमनाथ दर्शन के लिए गए बुजुर्ग यात्रियों ने यात्रा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. यात्रियों ने वीडियो जारी कर भोजन, ठहरने और यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को लेकर शिकायत की है.
वीडियो में बुजुर्ग यात्रियों का कहना है कि उन्हें कई घंटों तक सड़क पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा के दौरान उन्हें पर्याप्त और उचित सुविधाएं नहीं मिलीं. यात्रियों ने अपनी स्थिति को अपमानजनक बताते हुए सरकार से व्यवस्था में सुधार और मदद की गुहार लगाई है.
भोजन और ठहरने की व्यवस्था पर आरोप
यात्रियों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर शिकायतें कीं. उनका आरोप है कि खाना बेहद खराब था और मजबूरी में उसे खाना पड़ा. वीडियो में कुछ यात्रियों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इतना खराब भोजन पहले नहीं देखा.
ठहरने की जगह की साफ-सफाई को लेकर भी यात्रियों ने नाराजगी जताई. उनके अनुसार, परिसर में काफी गंदगी थी और ऐसा लगता था कि वहां कई दिनों से झाड़ू-पोंछा नहीं हुआ है. हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित विभाग या व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों का पक्ष उपलब्ध नहीं है.
जिम्मेदार कर्मचारी की मौजूदगी पर सवाल
बुजुर्ग यात्रियों ने व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार कोच की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि परेशानी के समय जिम्मेदार व्यक्ति दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण उन्हें अपनी समस्याओं से खुद जूझना पड़ा.
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का संचालन समाज कल्याण विभाग करता है. योजना का उद्देश्य राज्य के बुजुर्गों को तीर्थस्थलों का दर्शन कराना है. यात्रियों के वीडियो के बाद योजना के तहत यात्रा प्रबंधन, भोजन, ठहरने की व्यवस्था और अधिकारियों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हुए हैं.
