सूरत के लालगेट और अठवालाइन्स इलाके के दो चर्चों में हुई चोरी की जांच का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. क्राइम ब्रांच ने CCTV फुटेज और मानव स्रोतों से मिली सूचना के आधार पर मध्य प्रदेश निवासी 27 वर्षीय अनिल जालिया पारगी को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को चौक चार रास्ते के पास स्थित CNI क्राइस्ट चर्च में पीछे की खिड़की से घुसकर मुख्य कार्यालय का ताला तोड़ा गया था. इस घटना में करीब 36 हजार रुपये नकद और म्यूजिक सिस्टम समेत लगभग 46 हजार रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई थी. इसके बाद 23 सितंबर को अठवालाइन्स स्थित अवर लेडी ऑफ माउंट कार्मेल चर्च से करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी हुए.

जांच में सामने आया कि संदिग्ध व्यक्ति कथित तौर पर प्रार्थना करने और दान देने के बहाने चर्चों में जाता था. पुलिस का कहना है कि वह पहले परिसर और सुरक्षा व्यवस्था की रेकी करता, फिर रात के समय पीछे की खिड़की से प्रवेश कर चोरी करता था.

क्राइम ब्रांच ने दोनों चर्चों और आसपास के इलाकों के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. फुटेज में दिखे व्यक्ति का पीछा करते हुए पुलिस चंद्रशेखर आजाद ब्रिज के पास पालिया ग्राउंड की झुग्गी बस्ती तक पहुंची, जहां से उसे पकड़ा गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के डुंडका पंचकुई का रहने वाला है और फिलहाल सूरत में जीलानी ब्रिज के नीचे रह रहा था.

पुलिस ने आरोपी के पास से MUSIMAX कंपनी का मल्टीमीडिया स्पीकर, 54,500 रुपये नकद, एक सीलिंग फैन और करीब 20 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया. इसके अलावा ताला तोड़ने में इस्तेमाल कथित हथौड़ा और दो पाना भी जब्त किए गए. जब्त सामान की कुल कीमत 85,500 रुपये बताई गई है. पुलिस ने आरोपी से आगे पूछताछ शुरू कर दी है.