महाराष्ट्र के तुलजापुर स्थित तुलजा भवानी मंदिर में नवरात्रि से जुड़े अनुष्ठान अपनी विशिष्ट परंपराओं के लिए जाने जाते हैं. यहां देवी की मूल प्रतिमा को नवरात्रि शुरू होने से आठ दिन पहले सिंहासन से हटाकर चांदी के पलंग पर शयन कराया जाता है. इस परंपरा को ‘मंचकी निद्रा’ कहा जाता है.

मंदिर के गर्भगृह में काले पत्थर की करीब तीन फीट ऊंची अष्टभुजा प्रतिमा है. इसे ‘चल प्रतिमा’ कहा जाता है, क्योंकि इसे सिंहासन से हटाया जा सकता है. प्रतिमा महिषासुरमर्दिनी स्वरूप में है. देवी के हाथों में त्रिशूल, खंजर, बाण, चक्र, शंख, धनुष और पात्र सहित विभिन्न आयुध दर्शाए गए हैं. एक पैर महिषासुर पर है, जबकि बगल में सिंह की आकृति बनी है.

धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवी का शयन महिषासुर से युद्ध से पहले विश्राम और शक्ति-संचय से जुड़ा है. प्रतिमा साल में तीन बार शयन करती है—शारदीय नवरात्रि से पहले आठ दिन, दशहरे के बाद पांच दिन और पौष महीने की शाकंभरी नवरात्रि से पहले आठ दिन. इस तरह कुल 21 दिनों तक शयन की परंपरा बताई जाती है.

नवरात्रि में तीन कलशों की स्थापना

तुलजा भवानी मंदिर में घटस्थापना के लिए एक नहीं, तीन मिट्टी के कलश रखे जाते हैं. ये कलश तुलजापुर के धाकटे परिवार के पारंपरिक कुम्हार उपलब्ध कराते हैं. इनमें गोमुख और कल्लोल तीर्थ का जल भरा जाता है. परंपरा के अनुसार, एक कलश सभा मंडप के उत्तर-पूर्व हिस्से में, दूसरा देवी के सामने त्रिशूल वाले स्थान पर और तीसरा मातंगी देवी मंदिर में स्थापित किया जाता है. इसके बाद दुर्गा सप्तशती का पाठ और विशेष पूजन शुरू होता है. महानवमी पर हवन के साथ कलश पूजा का समापन होता है.

दशहरे पर 108 साड़ियों में पालखी यात्रा

दशहरे पर देवी की मूल प्रतिमा को अभिषेक के बाद 108 सूती सफेद साड़ियों में लपेटा जाता है. इन साड़ियों की कई परतें प्रतिमा को पालखी में रखने और उठाने के दौरान सुरक्षा देने के लिए लगाई जाती हैं. इसके बाद प्रतिमा की पालखी मंदिर परिसर में निकाली जाती है और सीमोल्लंघन की रस्म होती है. पालखी को पीपल के पेड़ के पास रोककर आरती की जाती है. इस अनुष्ठान के बाद देवी को फिर शयन कराया जाता है, जिसे ‘श्रमनिद्रा’ कहा जाता है.

मंदिर की दैनिक पूजा में सुबह चरणतीर्थ और काकड़ आरती, पंचामृत अभिषेक, दिन में वस्त्रालंकार और शाम को अभिषेक पूजा शामिल है. रात में प्रक्षाल पूजा के दौरान गर्भगृह और सिंहासन की सफाई की जाती है. देवी को छत्रपति शिवाजी महाराज की कुलदेवी माना जाता है और भक्त उन्हें पराक्रम तथा रक्षा की शक्ति के रूप में पूजते हैं.