तुलसी-शालिग्राम विवाह को लेकर 21 या 22 नवंबर की तारीख को लेकर भ्रम बना हुआ है. उपलब्ध पंचांग विवरण के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी और 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर समाप्त होगी. उदया तिथि के आधार पर तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा.
पूजा का शुभ मुहूर्त
तुलसी विवाह के लिए कार्तिक शुक्ल द्वादशी और प्रदोष काल का संयोग शुभ माना जाता है. इस वर्ष पूजा के लिए गोधूलि बेला का समय 21 नवंबर को शाम 5 बजकर 25 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक बताया गया है. श्रद्धालु इसी अवधि में तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का पूजन कर सकते हैं.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी के बाद भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और तुलसी का विवाह कराया जाता है. इस अवसर पर तुलसी के पौधे को दुल्हन और शालिग्राम को वर के रूप में सजाने की परंपरा है. मान्यता है कि तुलसी के बिना भगवान विष्णु की पूजा अधूरी मानी जाती है.
तुलसी विवाह की पारंपरिक विधि
पूजा के लिए तुलसी के पौधे को साफ स्थान पर चौकी पर स्थापित किया जाता है. गन्ने और लाल चुनरी से मंडप सजाकर पास में भगवान शालिग्राम को रखा जाता है. दोनों को हल्दी, फूल और फल अर्पित किए जाते हैं तथा तुलसी के पास घी का दीपक जलाया जाता है.
विवाह की रस्म में शालिग्राम को हाथ में लेकर तुलसी की सात परिक्रमा करने की परंपरा है. इस दौरान सिंदूर मिले अक्षत अर्पित किए जाते हैं. सात फेरे पूरे होने के बाद कपूर से आरती की जाती है, भोग लगाया जाता है और प्रसाद बांटा जाता है. श्रद्धानुसार ब्राह्मण को दान-दक्षिणा भी दी जा सकती है.
