उज्जैन में रविवार आधी रात शैव और वैष्णव परंपराओं का वार्षिक संगम हरिहर मिलन आयोजित हुआ. भगवान महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर पहुंचे, जहां भगवान द्वारकाधीश और महाकाल का विशेष पूजन किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों देवताओं का पंचामृत अभिषेक हुआ.

परंपरा के अनुसार, भगवान द्वारकाधीश को तुलसी की माला और भगवान महाकाल को प्रिय बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई. धार्मिक मान्यता में इस आदान-प्रदान को सृष्टि संचालन की जिम्मेदारी फिर से भगवान विष्णु को सौंपने का प्रतीक माना जाता है. दोनों देवताओं को विशेष भोग भी लगाया गया.

महाकाल की सवारी रात 11 बजे महाकाल मंदिर से निकली. यह महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार से होकर गोपाल मंदिर पहुंची. रास्ते में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और कई लोग भगवान के आगमन से पहले सड़क पर फूल बिछाकर इंतजार करते रहे.

प्रशासन ने आतिशबाजी और हिंगोट वाले पटाखों पर रोक लगाई थी. इसके बावजूद सवारी मार्ग के कुछ हिस्सों में पटाखे छोड़े जाने की बात सामने आई. सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया था.

चार महीने बाद विष्णु को जिम्मेदारी सौंपने की मान्यता

पौराणिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में जाते हैं. इसके बाद चार महीने तक सृष्टि संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं. देवउठनी एकादशी पर विष्णु के जागने के बाद कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की रात महाकाल गोपाल मंदिर पहुंचते हैं और यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपते हैं.

गोपाल मंदिर के पुजारी मधुर शर्मा ने हरिहर मिलन को उज्जैन की पुरानी धार्मिक परंपरा बताते हुए कहा कि यह शैव और वैष्णव संप्रदायों के समन्वय और सौहार्द का प्रतीक है.