उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने इस साल नया रिकॉर्ड बनाया है. 7 अक्टूबर 2026 तक बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की कुल संख्या 56,88,928 पहुंच गई. यह आंकड़ा 2023 में दर्ज 56.31 लाख के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है.
चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को बद्रीनाथ में सबसे अधिक 18,806 श्रद्धालु पहुंचे. इसके बाद केदारनाथ में 12,637, गंगोत्री में 3,044, हेमकुंड साहिब में 2,953 और यमुनोत्री में 2,213 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए.
बद्रीनाथ में सबसे अधिक श्रद्धालु
सीजन के संचयी आंकड़ों में भी बद्रीनाथ सबसे आगे है. यहां अब तक 19,13,895 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं. केदारनाथ में 16,78,866, गंगोत्री में 9,09,983, यमुनोत्री में 8,10,343 और हेमकुंड साहिब में 3,75,841 यात्रियों ने दर्शन किए हैं.
चारों धामों के कपाट 10 से 13 नवंबर के बीच बंद होने हैं. इसलिए यात्रा सत्र समाप्त होने तक श्रद्धालुओं की कुल संख्या और बढ़ सकती है. अधिकारियों के अनुसार, यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है.
