गुजरात में शक्ति उपासना के पर्व नवरात्रि की शुरुआत हो गई. वलसाड में भाजपा की प्रदेश मंत्री सोनलबेन सोलंकी (जैन) ने नवरात्रि उत्सव का शुभारंभ किया. इस मौके पर उन्होंने लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और धराइजिंग चैरिटेबल ट्रस्ट की 35वीं वर्षगांठ की सफल यात्रा की सराहना की.

नवरात्रि के पहले नोरते लोगों ने माता अंबा की पूजा, अर्चना और आरती के साथ उत्सव की शुरुआत की. वलसाड सहित गुजरात के अलग-अलग शहरों और जिलों में सरकारी आयोजनों तथा विभिन्न मंडलों की ओर से गरबा कार्यक्रम आयोजित किए गए.

गरबा मैदानों में युवाओं के साथ महिलाएं और बच्चे भी उत्साह से शामिल हुए. युवक-युवतियां पारंपरिक पोशाक में पहुंचे. महिलाओं ने रंग-बिरंगी चणियाचोली और युवाओं ने केडिया पहनकर गरबा किया. रोशनी से सजे मैदानों में पारंपरिक गरबा संगीत और डीजे की धुन पर लोग देर रात तक नृत्य करते रहे.

आयोजकों ने प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं. पहले दिन के उत्साह के बाद आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के गरबा आयोजनों में पहुंचने की उम्मीद जताई गई है.