वाराणसी में देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों और शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों को 21 लाख दीपों से सजाया गया. दीपों की रोशनी, मंदिरों की सजावट और घाटों पर हुई विशेष प्रस्तुतियों ने धार्मिक आयोजन को भव्य रूप दिया.
गंगा के सामने चेत सिंह घाट के पास पहली बार ड्रोन शो आयोजित किया गया. आयोजकों के अनुसार, 2,100 मेड इन इंडिया ड्रोन ने करीब 10 मिनट तक आसमान में 15 अलग-अलग आकृतियां बनाईं. इनमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, शिव तांडव और गंगा अवतरण के दृश्य शामिल थे. काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां भी ड्रोन के जरिए प्रदर्शित की गईं.
उत्सव के दौरान घाटों, सामने की रेती, कुंडों और अन्य आयोजन स्थलों पर कुल 21 लाख दीप जलाए गए. इनमें 11 लाख दीप स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं की भागीदारी से आयोजित दीपदान में शामिल थे. गंगा के दोनों किनारों पर दीपों की कतारें और पानी में उनका प्रतिबिंब आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में रहा.
84 घाटों का ऑडियो टूर शुरू
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक ऑडियो टूर’ की शुरुआत की. यह सुविधा उत्तर प्रदेश पर्यटन की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध कराई गई है. GPS आधारित इस सेवा में किसी घाट के पास पहुंचने पर उससे जुड़ी जानकारी अपने आप सुनाई देने की व्यवस्था है.
ऑडियो टूर में पैदल और नाव से भ्रमण के लिए अलग विकल्प दिए गए हैं. 84 घाटों के लिए अलग-अलग अध्यायों में इतिहास, धार्मिक परंपराओं और स्थानीय मान्यताओं की जानकारी दी गई है. ऑडियो के साथ तस्वीरें, लिखित सामग्री और इंटरैक्टिव मैप भी उपलब्ध हैं. सामग्री डाउनलोड कर ऑफलाइन भी सुनी जा सकती है. यह सुविधा हिंदी, अंग्रेजी समेत 15 भाषाओं में शुरू की गई है.
दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की महाआरती में 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने हिस्सा लिया. आरती के दौरान कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया.
चेत सिंह किले पर ‘काशी कथा’ के तहत 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, LED इमेजरी, संगीत और कथावाचन के जरिए धार्मिक-पौराणिक प्रसंग प्रस्तुत किए गए. 17 मिनट की प्रोजेक्शन प्रस्तुति के बाद आठ मिनट का लेजर शो हुआ.
अधिकारियों ने देव दीपावली पर करीब 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद जताई. उनके अनुसार, होटल, परिवहन, खानपान, साड़ी और हस्तशिल्प कारोबार को इससे लाभ मिलने की संभावना है. आयोजन के दौरान छह क्रूज की बुकिंग पूरी तरह भरने की भी जानकारी दी गई.
