विजयादशमी के अवसर पर देश के कई शहरों में रामलीला, रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक हुए आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. आतिशबाजी और दर्शकों की मौजूदगी के बीच अलग-अलग स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन किया गया.
नई दिल्ली में श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ की ओर से आयोजित विजयादशमी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर धनुष-बाण के साथ रावण दहन किया और देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री ने भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश भी दिया.
अपने संबोधन में मोदी ने देशहित के मुद्दों पर राजनीतिक दलों और संस्थानों के एकजुट होकर खड़े होने की बात कही. उन्होंने देश के सम्मान को नुकसान पहुंचाने और समाज को बांटने वालों के खिलाफ एकता का आह्वान किया.
द्वारका श्री रामलीला कमेटी के विजयादशमी महोत्सव में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं. कार्यक्रम की तस्वीरों में राष्ट्रपति को धनुष उठाते हुए देखा गया.
दिल्ली के एक सार्वजनिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आयोजकों ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट की. वहीं, लाल किले के मैदान में आयोजित नव श्री धार्मिक लीला कमेटी के दशहरा समारोह में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिस्सा लिया और धनुष-बाण साधा.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरक्षपीठ में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. वह भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की आरती करते नजर आए.
