वृंदावन के 19 वर्षीय शाश्वत आचार्य जी महाराज इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. उनके लंबे घुंघराले बाल, वैष्णव तिलक और कथावाचन से जुड़े वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. सोशल मीडिया पर कुछ लोग उन्हें ‘Gen Z बाबा’ और ‘Facecardaeshwar Guruji’ जैसे नामों से बुला रहे हैं.

शाश्वत आचार्य का जन्म 5 अगस्त 2007 को वृंदावन में हुआ बताया गया है. वे संत परिवार से आते हैं. उनके पिता स्वामी वृंदावन आचार्य जी महाराज भी संत हैं. परिवार के अनुसार, शाश्वत का बचपन भजन-कीर्तन, धार्मिक चर्चाओं और शास्त्रों के माहौल में बीता.

परिवार की ओर से बताया गया है कि शाश्वत चार साल की उम्र में भागवत गीता के श्लोकों का उच्चारण करते थे. इसी उम्र में उन्होंने मंच पर बैठकर छोटी कथाएं और प्रवचन देना शुरू कर दिया था. समय के साथ उनके कथावाचन से जुड़ी गतिविधियां बढ़ती गईं.

उन्हें वृंदावन स्थित श्री धाम गोदा विहार मंदिर का पीठाधीश्वर बताया जाता है. उनके मामा आशुतोष शुक्ला के मुताबिक, शाश्वत फिलहाल परिवार के साथ वृंदावन में रहते हैं और पढ़ाई तथा दीक्षा से जुड़ी प्रक्रिया में हैं.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनकी पढ़ाई मथुरा के गिरिराज महाराज लॉ कॉलेज में बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम में बताई गई है. हालांकि, उनकी पढ़ाई की मौजूदा स्थिति या डिग्री पूरी होने की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है.

कम उम्र में आध्यात्मिक मंच से जुड़ाव और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों के कारण शाश्वत आचार्य को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है.