यह लोककथा उस व्यक्ति की कहानी बताती है, जिसने धन और संपत्ति जुटाने को जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य बना लिया था. वह सुबह काम पर निकल जाता और देर रात घर लौटता. समय के साथ उसकी संपत्ति बढ़ती गई, लेकिन परिवार के लिए उसका समय कम होता गया.
उसकी पत्नी और बच्चे चाहते थे कि वह उनके साथ बैठे, उनकी बातें सुने और सुख-दुख में साथ दे. लेकिन वह हर बार यही कहकर बात टाल देता कि अभी काम जरूरी है. उसका मानना था कि जब पर्याप्त धन इकट्ठा हो जाएगा, तब वह आराम से परिवार के साथ समय बिताएगा.
धीरे-धीरे बच्चों का बचपन बीत गया और परिवार के रिश्तों में दूरी बढ़ती गई. घर में सुख-सुविधाओं की कमी नहीं थी, लेकिन साथ बैठने और बातचीत करने का समय नहीं था. व्यक्ति की उम्र बढ़ती गई, फिर एक दिन उसके सामने यमराज प्रकट हुए.
यमराज ने कहा कि उसके जीवन का समय पूरा हो चुका है और अब उसे उनके साथ चलना होगा. यह सुनकर व्यक्ति घबरा गया. उसने कहा कि उसने जीवन का आनंद ही नहीं लिया और परिवार को भी समय नहीं दे पाया. उसने कुछ और समय देने की विनती की, लेकिन यमराज ने मना कर दिया.
व्यक्ति ने अपनी पूरी संपत्ति देने के बदले केवल एक दिन परिवार के साथ बिताने की इच्छा जताई. यमराज ने समझाया कि धन देकर समय नहीं खरीदा जा सकता. जीवन में मिला समय वह पहले ही खर्च कर चुका है और बीता हुआ समय किसी भी साधन से वापस नहीं आता.
लोककथा की सीख
कहानी का संदेश है कि कमाई जरूरी है, लेकिन परिवार, स्वास्थ्य और मानसिक शांति की कीमत पर नहीं. बच्चों का बचपन दोबारा नहीं लौटता, इसलिए उनके साथ बातचीत करने, खेलने और उनकी छोटी-छोटी खुशियों में शामिल होने के लिए समय निकालना चाहिए.
परिवार के लिए हमेशा कई घंटे निकालना जरूरी नहीं है. रोज कुछ समय साथ बैठना, माता-पिता का हाल पूछना और अपनों की बात ध्यान से सुनना भी रिश्तों को मजबूत कर सकता है. इसके लिए किसी त्योहार या खास अवसर का इंतजार नहीं करना चाहिए.
कहानी यह भी समझाती है कि जरूरत और लालच में अंतर पहचानना जरूरी है. पैसा जीवन की जरूरतें पूरी कर सकता है, लेकिन खोए हुए रिश्तों और बीते समय को वापस नहीं ला सकता. इसलिए काम के साथ परिवार और अपने लिए भी समय बचाना ही संतुलित जीवन का आधार है.
