दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने विराट कोहली के साथ अपने शुरुआती परिचय को याद करते हुए कहा कि पहली नजर में भारतीय बल्लेबाज उन्हें “घमंडी और अकड़ वाला” लगा था. हालांकि, डिविलियर्स ने स्पष्ट किया कि कोहली के व्यवहार को उन्होंने बाद में अलग नजरिए से समझा.

प्रखर गुप्ता के साथ एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान डिविलियर्स से पूछा गया कि क्या उन्होंने सचमुच कोहली को ऐसा माना था. उन्होंने इससे इनकार नहीं किया और कहा कि कोहली भी इस बात से सहमत होंगे.

डिविलियर्स के मुताबिक, कोहली के व्यक्तित्व में असल में बहुत अधिक आत्मविश्वास था. कम उम्र से ही वह अपने खेल और क्षमता को लेकर बेहद आश्वस्त थे, लेकिन कई बार यही आत्मविश्वास आसपास के लोगों को गलत अर्थ दे देता था. डिविलियर्स ने कहा कि उनके मामले में भी कोहली जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वासी नजर आए.

उन्होंने यह भी बताया कि “घमंडी और अकड़ वाला” कहना कुछ हद तक मजाकिया अंदाज में था. डिविलियर्स के अनुसार, 19 से 21 साल की उम्र के बीच कोहली का आत्मविश्वास काफी स्पष्ट था. उनके मुताबिक, बड़ी सफलता हासिल करने के लिए अपनी क्षमता पर विश्वास जरूरी होता है, हालांकि समय के साथ उस आत्मविश्वास को संभालना भी सीखना पड़ता है.

समय के साथ बदली धारणा

डिविलियर्स ने कहा कि जैसे-जैसे कोहली उम्र और अनुभव में आगे बढ़े, उनका व्यक्तित्व अधिक संतुलित होता गया. शुरुआती दौर में कोहली के भीतर खुद को साबित करने की तीव्र इच्छा थी. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत करने के बाद यह भावना धीरे-धीरे कम हुई और लोगों के साथ उनके व्यवहार में भी संतुलन आया.

दोनों खिलाड़ियों की दोस्ती इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ बिताए वर्षों के दौरान और मजबूत हुई.