अफगानिस्तान ने आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए सातवां स्थान हासिल कर लिया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में खेली गई वनडे त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में सात विकेट की जीत के बाद टीम के 94 रेटिंग अंक हो गए हैं.
इंग्लैंड 93 रेटिंग अंकों के साथ आठवें स्थान पर खिसक गया है. अफगानिस्तान ने इस तरह अपनी सर्वश्रेष्ठ वनडे रैंकिंग की बराबरी की, जिसे उसने पहली बार मई 2025 में हासिल किया था. छठे स्थान पर मौजूद श्रीलंका के भी 95 अंक हैं और वह अफगानिस्तान से केवल एक अंक आगे है.
फाइनल में 170 रन का लक्ष्य
फाइनल में अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को 43.3 ओवर में 169 रन पर समेट दिया. जिम्बाब्वे के लिए सिकंदर रजा ने 83 गेंदों पर 68 रन बनाए, जबकि रयान बर्ल ने 31 रन जोड़े.
अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान ने 41 रन देकर तीन विकेट लिए. मोहम्मद नबी ने 25 रन देकर दो विकेट चटकाए, जबकि फज़लहक फारूकी और बिलाल सामी को दो-दो विकेट मिले.
लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने 34.3 ओवर में तीन विकेट पर 170 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. इब्राहिम जादरान 96 गेंदों पर 70 रन बनाकर नाबाद रहे. रहमत शाह ने 43 और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 36 रन का योगदान दिया. जादरान को फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
राशिद खान को सीरीज में 11 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला. ताजा रैंकिंग में भारत 115 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर है. न्यूजीलैंड 109 अंकों के साथ दूसरे और दक्षिण अफ्रीका 104 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है.
